मुंबई : आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने अपनी एनसीपी पार्टी की बैठक बुलाई है। पांच दिनों तक चलने वाली बैठक में पार्टी संगठन संरचना, स्थानीय चुनौतियां, राज्य और जिला नेतृत्व के बीच समन्वय जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेगी जिसकी सोमवार से शुरुआत हो गई है।
बैठक का लक्ष्य संगठन को मजबूत करना
इस बैठक में मराठवाडा, उत्तर महाराष्ट्र, पश्चिम महाराष्ट्र, विदर्भ और कोकण-मुंबई विभाग की जिलेवार बैठक होगी। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने बताया कि इस बैठक का लक्ष्य संगठन को मजबूत करना और स्थानीय चुनावों में राष्ट्रवादी कांग्रेस की प्रभावी जीत सुनिश्चित करना है।
7 नवंबर तक चलेगी बैठक
सोमवार को वरली डोम में उपमुख्यमंत्री अजित पवार और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुनील तटकरे ने बैठक शुरू की। यह बैठक 7 नवंबर तक चलेगी। बैठक के पहले दिन छत्रपति संभाजी नगर, जालना, बीड और हिंगोली जिलों की समीक्षा की गई। बैठकों में वर्तमान संगठन संरचना, स्थानीय चुनौतियां और राज्य व जिला नेतृत्व के बीच समन्वय जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।





